महिला उद्यमियों को स्वरोजगार का मंच देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से रविवार को हरिऔध कला भवन में न्यू कला केंद्र समिति की ओर से पहल मेले का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और पूर्व जिलाधिकारी एनपी सिंह ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। डीएम ने विभिन्न स्टालों का निरीक्षण कर महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि महिलाएं अपनी प्रतिभा और हुनर को कारोबार का रूप देकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने महिला उद्यमियों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के तहत पांच लाख रुपये तक के ऋण का लाभ लेकर कारोबार बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए हरिऔध कला केंद्र का सभागार मेले के लिए निशुल्क उपलब्ध कराया गया। मेले में महिला उद्यमियों ने बनारसी सिल्क, जॉर्जेट और शिफॉन की साड़ियां, दुपट्टे, कुर्तियां, बैग, बच्चों के सामान, हैंडमेड उत्पाद, पेंटिंग, ज्वेलरी और सजावटी सामान के स्टालॅ लगाए। रीना अग्रवाल, अनुभा अग्रवाल, आशा वर्मा, मनीषा अग्रवाल, प्रिया अग्रवाल, पूनम बरनवाल समेत कई महिला उद्यमियों के उत्पादों को लोगों ने पसंद किया। पूनम बरनवाल के स्टाल पर मोरिंगा, तीसी, मूंग और सोंठ से बने पौष्टिक उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। प्रिया अग्रवाल की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य व त्वचा जांच तथा जागृति वेलफेयर की ओर से मुफ्त शुगर और बीपी जांच की सुविधा दी गई। मेले में मेहंदी, झालमुड़ी, पानीपुरी, दहीपुरी और गेम्स कॉर्नर भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह, प्रबंधक राजेंद्र यादव, प्रबंधक रमाकांत वर्मा, अनूप अग्रवाल, नीलांबुज गुप्ता आदि मौजूद रहे। टिंटू गुप्ता और गौरी अग्रवाल ने मंच संचालन किया।