आजमगढ़। मिशन शक्ति के तहत परिवहन विभाग अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च को विशेष आयोजन करेगा। इस दिन शिविर लगाकर महिलाओं के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जाएंगे। साथ ही बस, टैक्सी और आटो चलाने वालों को महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मिशन शक्ति के तहत परिवहन विभाग अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर अलग-अलग स्थानों पर महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए विशेष अभियान चलाएगा। परिवहन दफ्तरों के साथ सभी रोडवेज डिपो में एलईडी टीवी व पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीएएस) के जरिए ऑडियो-विजुअल सामग्री प्रसारित करके यात्रियों को महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक किया जाएगा। परिवहन आयुक्त ने इसके लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। आरटीओ और एआरटीओ प्रवर्तन व प्रशासन को विशेष अभियान को सफलतापूर्वक पूर्ण कराने की जिम्मेदारी दी है। इसके साथ ही परिवहन आयुक्त ने हर दिन होने वाले कार्यक्रम की फोटो संग रिपोर्ट अगले दिन सुबह तक भेजने के निर्देश दिए हैं। एआरटीओ प्रवर्तन संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत डीएल बनवाने के लिए महिलाओं व बालिकाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।