आजमगढ़। विश्वविद्यालय अभियान के रैदोपुर स्थित कार्यालय पर शुक्रवार को संयोजक डॉ सुजीत भूषण की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन राज्य विश्वविद्यालय के लिए अतरौलिया में जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव भेजा है। यह एक षड्यंत्र के तहत किया जा रहा है जबकि मोहब्बतपुर में जमीन पहले से उपलब्ध है। इसे सफल होने नहीं दिया जाएगा।
उन्होेंने कहा कि राज्य विश्वविद्यालय के लिए मोहब्बतपुर की भूमि सर्वाधिक उपयोगी होने के बाद भी विश्वविद्यालय को राजनीतिक कारणों से अंबेडकर नगर की सीमा पर ले जाया जा रहा है। इसका विरोध किया जाएगा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संगठन मंत्री मनीष ने कहा कि जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के इस ड्रीम प्रोजेक्ट के प्रति खिलवाड़ कर रहा है। पहले मोहब्बतपुर में 20 करोड़ खर्च हुआ अब दूसरी जमीन खरीदने पर भी करोड़ों खर्च होंगे। विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री शिवम ने कहा कि आजमगढ़ और मऊ दोनों जनपदों के छात्र, छात्राओं के लिए मोहब्बतपुर विश्वविद्यालय के लिए सबसे उपयुक्त है। इस पर राजनीत नहीं होनी चाहिए। रणविजय सिंह और अनुज कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामवासी खुद को ठगा से महसूस कर रहा है कि विश्वविद्यालय के नाम पर उनकी जमीन को सस्ते में ली गई और अब विश्वविद्यालय नहीं बनाया जा रहा है। राकेश गांधी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक संदीप, छात्र नेता अमित कुमार सिंह, शिवबोधन उपाध्याय, अजय सिंह, दीनानाथ सिंह, प्रमोद सोनकर, सत्यजीत श्रीवास्तव, डॉ प्रवेश सिंह, अनीता द्विवेदी, पूनम सिंह, अनामिका सिंह पालीवाल, यश श्रीवास्तव, तरुण यादव, सौरभ यादव आदि उपस्थित रहे।