भारतीय किसान संघ की बैठक रविवार को नगर के गुरूघाट स्थित श्री राम जानकी मंदिर परिसर में हुई। जिसमें किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई और उसक ा निदान न होने पर सड़क पर उतरने का निर्णय लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि पवई ब्लाक का गेहूं क्रय केंद्र बंद है। किसान गेहूं बेचने के लिए परेशान है। विद्युत विभाग द्वारा किसानों के ट्यूबवेल का ज्यादा बिल बनाकर भेजा जा रहा है। बाद में उनसे अतिरिक्त पैसा लेकर विद्युत बिल को सही किया जा रहा है। कहा कि न्याय पंचायत स्तर पर स्थित सोसाइटी पर खाद और बीज उपलब्ध कराया जाए ताकि किसानों को भटकना न पड़े।
वर्तमान में ब्लाक स्तर पर किसानों को जो बीज उपलब्ध कराया जा रहा है उसके मूल्य और छूट में काफी विसंगति है। विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए विशेषज्ञ सदस्यों की अगुवाई में प्रकोष्ठ की स्थापना की जाए। अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन सड़क पर उतरने को बाध्य होगा। मौके पर हंसराज सिंह, संजय कुमार चतुर्वेदी, श्रीप्रकाश लाल श्रीवास्तव, सत्यप्रकाश राय, राजेश्वर चौबे, पवन, संदीप मिश्रा, तेज बहादुर सिंह, संजय पांडेय आदि उपस्थित थे।