जिले में मौसम का तेवर और तल्ख हो गया है। तपिश से बेहाल लोग घरों में दुबके रहे। जबकि सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जिन्हें जरूरी कामों से बाहर निकलना था वह अपने को कपड़ों से पूरी तरह ढककर निकले। रविवार को जनपद का तापमान 44 डिग्री पहुंच गया। पशुओं का भी गर्मी का कारण बुरा हाल है। जहां भी पानी दिखा अपनी प्यास बुझा रहे हैं। गर्मी से बेहाल लोग ठंडे पानी और शीतल पेयपदार्थों का सहारा ले रहे हैं।
तेज धूप के साथ ही लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। गर्मी में राहत पहुंचाने वाले उपकरण पंखे और कूलर भी लोगों को चैन नहीं दे रहे हैं। घर के अंदर लोग पसीने से तर-बतर हैं। रविवार को छ़ुट्टी का दिन होने के कारण बहुत से लोगों ने घर में ही दुबकना जरूरी समझा।
जिसका परिणाम रहा कि नगर क्षेत्र की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जो निकला वह वह अपने पूरे शरीर को कपड़े से ढ़ककर निकला और अपने कार्य को जल्द से निपटाकर घरों में कैद हो गया। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को जहां बिजली रूला रही है वहीं गर्म हवाओं से लोगों का बुरा हाल है। बच्चे नदी, तालाब और पोखरों में नहाकर गर्मी से निजात पाने की फिराक में लगे हैं।