आजमगढ़। दहेज की मांग पूरी न होने पर एक व्यक्ति ने फर्जी आईडी बनाकर पत्नी की अर्धनग्न वीडियो फेसबुक पर अपलोड कर दिया है। इतना ही नहीं वीडियो को उसके भाई व अन्य नात रिश्तेदारों को शेयर भी किया है। पति की प्रताड़ना से क्षुब्ध विवाहिता वर्तमान में अपने मायके में रह रही है।
एसपी को दिए पत्रक में विवाहिता ने बताया कि 2015 में उसकी शादी सिधारी थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक से हुई थी। दोनों का तीन साल का पुत्र भी है। पति व ससुराल के अन्य लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। 16 मई को ससुराल वालों ने उसके बच्चे अपने कब्जे में ले लिया और मारपीट कर घर से निकाल दिया, तब से वह अपने मायके में रह रही है। ससुराल में ही पति ने उसकी नहाते समय एक वीडियो मोबाइल से बनाई थी। जिसे अब वह फेसबुक पर फेक आईडी बना कर वायरल कर रहा है। उसने वह वीडियो उसके भाई के साथ ही अन्य नात रिश्तेदारों को भी शेयर किया है। पति की इस करतूत में ससुर का भी पूरा हाथ है। इस वजह से घर से निकलना मुश्किल हो गया है। पीड़िता ने पति व ससुर पर मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस बाबत पूछे जाने पर इंस्पेक्टर सिधारी विनय मिश्रा ने बताया कि प्रकरण अभी मेरे संज्ञान में नहीं है अभी मैं प्रमुख सचिव के कार्यक्रम में व्यस्त हूं्। थाने पर पहुंचने पर प्रकरण की जानकारी करूंगा और आगे की कार्रवाई होगी।