सरायमीर थाना क्षेत्र के पवईलाडपुर में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम के मामले में फरार संचालक डॉ. अंगद पाल के खिलाफ पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई तेज कर दी।
न्यायालय के आदेश पर सरायमीर पुलिस ने रानी की सराय थाना क्षेत्र के भगहा गांव स्थित उसके घर पर कुर्की की नोटिस चस्पा की। इससे पहले न्यायालय से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी हो चुका है।
इसके बावजूद आरोपी न तो न्यायालय में हाजिर हुआ और न ही पुलिस के समक्ष उपस्थित हुआ। थाना प्रभारी भुवनेश कुमार चौबे ने बताया कि 10 जुलाई को डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. आलेंद्र कुमार की तहरीर पर सरायमीर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पवईलाडपुर स्थित डॉ. अंगद पाल के नर्सिंग होम का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान पता चला कि नर्सिंग होम में कोई वैध चिकित्सक कार्यरत नहीं था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंग होम को सील कर दिया था।
स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षण के दौरान परिजनों ने बताया था कि एक महिला मरीज का 12 फरवरी को इसी नर्सिंग होम में इलाज कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान 10 जुलाई को उसकी मौत हो गई।
निरीक्षण के समय नर्सिंग होम संचालक डॉ. अंगद पाल मौके से गायब था। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले एनबीडब्ल्यू की कार्रवाई की गई थी।
इसके बाद भी उसके न्यायालय में हाजिर न होने पर कोर्ट के आदेश के अनुपालन में भगहा गांव स्थित उसके घर और वर्तमान समय में खलीलाबाद स्थित घर पर कुर्की की नोटिस चस्पा की गई है। यदि आरोपी निर्धारित प्रक्रिया के तहत हाजिर नहीं होता है तो आगे उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।
00
दो स्टाफ नर्स पहले ही गिरफ्तार
सरायमीर। थाना प्रभारी भुवनेश चौबे ने बताया कि मौके पर मौजूद स्टाफ नर्स रेनू विश्वकर्मा निवासी सोनवारा, थाना रानी की सराय और रोशनी निवासी संजरपुर, थाना सरायमीर को बाद में पवईलाडपुर स्थित किराये के कमरे से गिरफ्तार कर लिया गया था। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। वहीं डॉ. अंगद पाल की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है।