आजमगढ़। मंडल में 204 क्रय केंद्रों पर आज से गेहूं की खरीद शुरू होगी। विभाग की तरफ से इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। पिछली बार की तुलना में इस बार 150 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी हुई है। केंद्रों पर गेहूं बेचने के लिए मंडल में 23800 किसान अपना पंजीकरण करा चुके हैं।
समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद एक मार्च से ही शुरू होने वाली थी, लेकिन इसे स्थगित कर दिया था। 17 मार्च से गेहूं खरीद की नई तिथि घोषित की गई है। मंडल के सभी 204 क्रय केंद्रों पर केंद्र प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं। केंद्रों पर इलेक्ट्रानिक कांटा, डस्टर, झरना, बोरा आदि पहुंच चुके हैं। आजमगढ़ में 79, मऊ में 56 और बलिया में 69 क्रय केंद्र खोले गए हैं। किसानोें का पंजीकरण और सत्यापन का कार्य भी तेजी से चल रहा है। मंडल में 23800 किसानों में सात हजार से अधिक किसानों के सत्यापन का काम तहसील स्तर से पूरा कर लिया गया है। क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने वाले किसानों को पिछली बार की तुलना में इस बार प्रति क्विंटल 150 रुपये अधिक मिलेंगे।
पिछली बार गेहूं का समर्थन मूल्य 2275 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित था जबकि इस बार 2425 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। वर्तमान समय में गेहूं का मंडी भाव 2800 रुपये या इससे ऊपर चल रहा है। हालांकि अभी किसानों की गेहूं की फसल तैयार नहीं है। माना जा रहा है कि जब मार्केट में नया गेहूं आएगा तो मंडी भाव काफी नीचे आएगा।