बूढ़नपुर। क्षेत्र के मखनहां फीडर अंतर्गत सरैया रत्नावे गांव के जोल्हाटी टोला में बीते 20 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को टोले में प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन में शामिल जुल्फेकार, सगीर अहमद, जब्बार अहमद, सफाउल रहमान, जमील, सलीम, आफताब आलम, रोमाना खातून, जलालुद्दीन आदि ने बताया कि कुछ दिनों पहले हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलते टोले का ट्रांसफार्मर जल गया था। करीब एक सप्ताह बाद नया ट्रांसफॉर्मर तो लगा दिया गया, लेकिन विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने उनके घरों के कनेक्शन दोबारा ट्रांसफॉर्मर से नहीं जोड़े। इसके चलते पिछले 20 दिनों से उनके घरों में अंधेरा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे वे खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
इस संबंध में अवर अभियंता रमाकांत मौर्य ने ग्रामीणों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद नया ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। किसी का कनेक्शन जानबूझकर नहीं काटा गया है। जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल बकाया है या जिनके पास वैध कनेक्शन नहीं है, उन्हीं के घरों में बिजली नहीं दी जा रही है।