अहरौला-कप्तानगंज मार्ग को गड्ढ़ों से मुक्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : AZAMGARH
अहरौला। समाजसेवी लक्ष्मी चौबे, जिला पंचायत सदस्य हरिकेश यादव के नेतृत्व में बुधवार को अहरौला-कप्तानगंज मार्ग की गड्ढा मुक्ति और बिसईपुर गांव के पास शारदा सहायक खंड 32 नहर के ओवरहेड पर नए पुल का निर्माण कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर 10 दिन के अंदर दोनों मांगों पर काम नहीं शुरू हुआ तो अबकी सड़क पर बैठकर भूख हड़ताल को मजबूर होंगे।
अहरौला-कप्तानगंज मार्ग पूर्ण रूप से गड्ढों में तब्दील होकर जानलेवा बन गया है। मार्ग की गड्ढा मुक्ति के लिए लगातार जनमानस की ओर से मांग उठ रही है। समाजसेवी लक्ष्मी चौबे इसके लिए कई बार प्रदर्शन और दो बार भूख हड़ताल पर बैठ चुके हैं। बार-बार पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से बनवाने का आश्वासन दिया गया। कुछ ईंट गड्ढों में डलवा कर इतिश्री कर ली। हाल यह हुआ कि इस गड्ढों में डाली गई ईंट मुसाफिरों की जान के लिए आफत बन गई है। ईंटों मे उलझ कर लोग चोटिल हो रहे हैं। 10 दिन के अंदर मार्ग का निर्माण और विषईपुर शारदा सहायक खंड 32 नहर पर जानलेवा बने पुल के नवनिर्माण कराने की मांग की गई। किसी भी समय पुल टूट कर जमींदोज हो सकता है। राजेंद्र गुप्ता, डब्लू चौबे, देवतादीन राम, राजनयन, पंकज चौबे, जगदीश निषाद, रजनीश चौबे, सुरेश विश्वकर्मा, गयादीन, ओमप्रकाश चौबे आदि लोग मौजूद रहे।