सिकंदरपुर-जहांगीरगंज मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर जाम कर रहे लोगों को समझाते स्पेक्टर अतरौल?
- फोटो : AZAMGARH
अतरौलिया। सिकंदरपुर से जहांगीरगंज जाने वाला मार्ग पिछले कई महीनों से बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुका है। आए दिन लोग घायल हो रहे हैं। इससे नाराज लोगों ने गुरुवार को नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे एसडीएम बूढ़नपुर ने जांच का आश्वासन देकर चक्काजाम को समाप्त कराया।
बताते चलें कि मार्ग की दुर्दशा को लेकर एक महीना पहले ग्रामीणों ने रोड जाम किया था तो एसडीएम बूढ़नपुर दिनेश चंद्र मिश्र के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ था। सड़क निर्माण के लिए गड्ढों में ईंट की गिट्टी भरी जा रही थी तो खराब निर्माण सामग्री का आरोप लगाते हुए ग्रामीण एनएच 233 जाम कर दिया। जाम की वजह से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। उसी समय स्कूली बच्चों की छुट्टी हुई थी वह भी जाम में फंसकर धूप में काफी देर तक हलकान रहे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीएम बूढ़नपुर दिनेशचंद्र मिश्र और इंस्पेक्टर अतरौलिया हेमेंद्र सिंह ने एक्सईएन पीडब्ल्यूडी से बात कर एक घंटे के बाद जाम को समाप्त करवाया। एसडीएम दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि एक्सईएन पीडब्ल्यूडी से बात हुई है। शुक्रवार को इस पर निर्णय होगा। इस मौके पर रजनीकांत पांडेय, सच्चिदानंद पांडेय, सूर्य प्रकाश पांडेय, मुलायम यादव, वरुण यादव, पिंटू यादव, सूरज पांडेय, प्रदीप गौड़, दुर्गेश पांडेय, अजय पांडेय, कमलेश पांडेय आदि उपस्थित थे।