बिलरियागंज रौनापर की टूटी सड़क के विरोध में प्रदर्शन करते स्थानीय लोग।
- फोटो : AZAMGARH
बिलरियागंज। रौनापार-बिलरियागंज सड़क टूटने व जलभराव की समस्या से क्षुब्ध दर्जनों ग्रामीणों ने सड़क पर विरोध-प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई साल से सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। गड्ढों में पानी भरे रहने के कारण आए दिन राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने कई बार सड़क व नाली के निर्माण की मांग की लेकिन आज तक इस तरफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जबकि इस मार्ग से रौनापार, चांदपट्टी, भीमबर बाजार के अलावा सैकड़ों गांवों के लोगों का आवागमन होता है। इन गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने का भी यही मुख्य मार्ग है। बावजूद इसके आज तक इस मार्ग की हालत खराब है। प्रदर्शन करने वालों में रवींद्र प्रताप सिंह, संतोष चौरसिया, संजय राय, अंजर, राजू यादव, संतोष गुप्ता व श्रवण आदि शामिल थे।