इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक वीडियो पर राजनीतिक गलियों में शोर मच गया है। वायरल वीडियो आजमगढ़ जिले के कोयलसा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मगरुपुर का बताया जा रहा है। उक्त विद्यालय में कक्षाएं नहीं बल्कि पीडीए की पाठशाला चल रही है। जी हां, वायरल वीडियो में अखिलेश यादव के प्रचार-प्रसार के लिए बनाए गए गाने बजाए जा रहे हैं। जिसपर बच्चे ठुमके लगा रहे और सहायक अध्यापक तालियां बजाकर उनको उत्साहित करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो को लेकर भाजपा के जिलाध्यक्ष ने आपत्ति दर्ज कराते हुए डीएम से शिकायत की है। मामला संज्ञान में आते ही जांच शुरु कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी मुताबिक शिक्षा क्षेत्र कोयलसा में प्राथमिक विद्यालय मगरुपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जहां देशभक्ति के गीत की जगह अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने और पीडीए के प्रचार-प्रसार वाले गीत बजाए गए और छात्र उसी पर डांस करते नजर आए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील यादव डांस कर रहे बच्चों को प्रेरित करते नजर आ रहे हैं।
इतना ही नहीं, वे बच्चों की प्रस्तुति पर तालियां बजाकर उत्साहवर्धन करते भी दिखे। भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए जिला प्रशासन से संबंधित अध्यापकों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर तत्काल निलंबन करने की मांग की।
इसे भी पढ़ें; Flood in Varanasi: काशी में इस वजह से समय से पहले आई बाढ़, वैज्ञानिकों की बढ़ा दी है चिंता
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का संदेश राष्ट्रप्रेम और सम्मान का होता है, लेकिन विद्यालय की इस हरकत ने पर्व की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। बीएसए राजीव पाठक ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच खंड शिक्षा अधिकारी कोयलसा को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।