आजमगढ़ में माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से वर्ष 2022 में होने वाली हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए केंद्रों के भौतिक सत्यापन कर अपडेट जल्द से जल्द परिषद को अपलोड कराए जाएंगे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ला की ओर से केंद्र निर्धारण प्रक्रिया के लिए विद्यालयों के संसाधन सत्यापन करने के निर्देश जारी किए गए हैं। विद्यालयों की ओर से परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए संसाधनों के विवरण का जिले में गठित की जाने वाली समिति के माध्यम से सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन समिति विद्यालय परिसर से ही मैपिंग और जियो टैगिंग के माध्यम से माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी मोबाइल ऐप के माध्यम से दूरी परिसर से ही टैग की जाए। जिससे दूरी में बदलाव होने की संभावना न रहने पाए।
जांच समिति दो प्रतियों में विद्यालयों के संसाधनों का सत्यापन तैयार करेगी। जिस पर जांच समिति और प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर होंगे। एक प्रति कालेज के प्रधानाचार्य को दी जाएगी और दूसरी जिला विद्यालय निरीक्षक के लॉगइन के माध्यम से अपलोड कराई जाएगी। प्रधानाचार्य पीडीएफ प्रति को जिला विद्यालय निरीक्षक के लॉगइन के माध्यम से अपलोड करेंगे। सत्यापन करने के बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर जिला विद्यालय निरीक्षक को अपडेट कराना होगा।
डीआईओएस डा. वीके शर्मा ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से केंद्र निर्धारण प्रक्रिया के संबंध में विद्यालयों के सत्यापन के जो दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। उसी के अनुसार सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी और परिषद की वेबसाइट पर अपडेट कराया जाएगा।