आजमगढ़। जनपद के शहरी क्षेत्रों में वाहनों की संख्या दिन दूनी, रात चौगुनी बढ़ती जा रही है, लेकिन प्रशासन द्वारा कहीं भी पार्किंग का कोई मुकम्मल इंतजाम नहीं किया गया है। सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों से जहां जाम लग रहा है, वहीं मुख्य चौक मार्ग पर हुए अतिक्रमण से कई घंटे जाम लगता है। स्कूली वाहनों के फंस जाने के कारण बच्चे घंटों परेशान होते रहते हैं।
जनपद के शहरी क्षेत्रों में एक भी जगह पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई है। शहर का तकिया इलाका, कोट मुहल्ला व बदरका हमेशा जाम में जकड़ा रहता है। सड़कों के किनारे दुकानदारों का कब्जा है। कुछ जगह बचे भी हैं तो वहां पहले से ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के वाहन खड़े रहते हैं तो ग्राहकों के भी वाहन जाम का कारण बनते हैं। पूर्व में जिला प्रशासन की तरफ से सड़कों का चौड़ीकरण तो कराया गया, लेकिन आज भी मुख्य मार्गों पर जाम से निजात मिलता नहीं दिख रहा है। स्टेशन रोड पर सड़क के फुटपाथ पर कब्जा, सुखदेव पहलवान तिराहा से लेकर नरौली तिरहा तक गैराज संचालकों द्वारा आधी सड़क पर ही कब्जा जमा लिया गया है। वहीं नगर पालिका से लेकर मुख्य चौक, तकिया, कोट किला व बदरका मार्ग पर दुकानदारों द्वारा कब्जा जमा लिया गया है। जिसके कारण जाम लगता है। हर कोई इस समस्या से निजात पाने के लिए प्रशासन की ओर निगाहे किए हुए है।
सड़क पर दौड़ रही पब्लिक, फुटपाथ पर बन रहा समोसा-पकौड़ा
आजमगढ़। फुटपाथ का निर्माण पब्लिक की सहूलियत के लिए होता है। सुरक्षित यात्रा के लिए होता है लेकिन पुलिस- प्रशासन की लापरवाही की वजह से फुटपाथ का समूल ही नष्ट होता जा रहा है। फुटपाथ पर अस्थाई तौर पर दुकानें सज गई हैं। कोई चाय बना रहा है तो कोई समोसा व पकौड़ा छान रहा है। इस राह से गुजरने वाले आला अधिकारी सब कुछ देखते हुए अंजान बने हुए हैं। हालांकि यह स्थिति शहर के बहुतायत इलाकों में है। इसी में शामिल है आजमगढ़ का वीआईपी क्षेत्र यानी रेलवे स्टेशन के रोड की सड़क। शहर के व्यस्त रेलवे रोड पर नगर पालिका ने फुटपाथ बनाया है। सड़क के दोनों किनारे फुटपाथ पर दुकानदारों ने कब्जा कर रखा है। दुकानदारों का अतिक्रमण पूरे फुटपाथ पर फैला हुआ है। फुटपाथ पर कब्जा होने से यहां से गुजरने वाले लोग सड़क के बीचोंबीच चलते रहते हैं, जिसकी वजह से आए दिन दुर्घटना होती रहती है।
एक नजर वाहनों पर
573264 : स्कूटर, मोपेड व मोटर साइकिल
2317 : कार
15749 : जीप व बोलेरो
930 : बस व स्कूली वैन
31666 : ट्रैक्टर
1659 : आटो रिक्शा
4728 : छोटे ट्रक
1854 : टैक्सी
000000000000000000
अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार नगर पालिका को पत्र लिखा गया है। कई बार कार्रवाई भी की गई है लेकिन कुछ दिन बाद फिर लोग अतिक्रमण कर ले रहे हैं। नगर पालिका को निर्देश दिए गए हैं कि वह अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर फुटपाथ को कब्जा मुक्त कराए।
सुधीर कुमार जायसवाल, पुलिस अधीक्षक यातायात, आजमगढ़।