चौरी बेलहा महाविद्यालय में आयोजित हाकी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी।
- फोटो : AZAMGARH
तरवां। चौरी-बेलहा महाविद्यालय में चल रही स्वर्गीय चंद्रदीप सिंह स्मारक अखिल भारतीय ईनामी हाकी प्रतियोगिता के चौथे दिन रविवार को मुख्य अतिथि डॉ. अशोक सिंह निदेशक मिशन हॉस्पिटल एवं शिवालिक आयुर्वेदिक रहे। चौथे दिन वाराणसी, ओडिसा और गाजीपुर की टीमें अगले दौर में पहुंची। आयोजन समिति के अध्यक्ष अखिलेश मिश्र गुड्डू ने स्वागत किया।
प्रतियोगिता के चौथे दिन पहला मैच मेकन रांची और मालवीय क्लब वाराणसी के बीच खेला गया। दोनों टीमें गोल के लिए संघर्ष करती रहीं। अंत में वाराणसी ने एक गोल कर विजय प्राप्त की। दूसरा मैच शाहाबाद हरियाणा और यूपी कॉलेज वाराणसी के बीच खेला गया। यूपी कॉलेज की टीम ने खेल के छठें मिनट में एक मैदानी गोल कर बढ़त बना ली। 28वें मिनट में हरियाणा की टीम ने भी पेनाल्टी कार्नर पर गोल कर बराबरी कर ली। आखिरी क्षणों में यूपी कॉलेज ने एक और गोल कर जीत हासिल की। तीसरा मैच संदीप सिंह एकेडमी ओडिसा और मेजबान स्व. चंद्रदीप सिंह हॉकी अकेडमी तरवां के बीच खेला गया। एकतरफा मुकाबले में ओडिसा की टीम लगातार चार गोल कर विजयी रही। चौथा मैच एनई रेलवे वाराणसी और लोधी सिंह द्वारिका एकेडमी अठगावा गाजीपुर के बीच खेला गया। आखिरी क्षणों तक दोनों टीमें गोल के लिए संघर्ष करती रहीं। खेल समाप्त होने तक किसी तरफ से एक भी गोल नहीं किया। ट्राई ब्रेकर में आठगावा की टीम एक गोल से विजयी हुई। प्रभाकर सिंह, रामानंद राजभर, प्रदीप सिंह, बंटू सिंह, चांद सिंह, विजय यादव, संदीप सिंह, राणा सिंह, डॉ. सतीश चंद्र सिंह, रामाश्रय मिश्र उपस्थित रहे।