आजमगढ़। जिले की दस विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक मछुआ उत्सव भवन बनाया जाएगा। इस पर 14.1 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सीडीओ ने सभी बीडीओ को पत्र भेजकर मछुआ बहुल्य गांवों में जमीनों का प्रस्ताव मांगा है। मछुआ उत्सव भवन बनने से जिले के मछुआ समाज को सहूलियत होगी। मछुआ समाज के लोग इन भवनों में शादी सहित अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। मत्स्य विभाग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आरएन तिवारी ने बताया कि शासन की ओर से मत्स्य विभाग को निर्देश दिया गया है कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में मछुआ उत्सव भवन का निर्माण कराया जाय। जिले में दस विधानसभा क्षेत्र सदर, मुबारकपुर, सगड़ी, मेंहनगर, लालगंज, दीदारगंज, फूलपुर- पवई, अतरौलिया, सगड़ी और निजामाबाद है। इन सभी विधान सभा क्षेत्रों में एक- एक मछुआ उत्सव भवन का निर्माण होगा। प्रत्येक मछ़ुआ भवन पर 1.41 करोड़ रुपये खर्च होंगे, इसके लिए हर तीन हजार वर्ग मीटर जमीन ली जाएगी। उन्होंने बताया कि उत्सव भवनों का निर्माण मछुआ कल्याण कोष योजना से होगा। सीडीओ के माध्यम से जिले के सभी बीडीओ को पत्र गया है। मछुआ बहुल्य गांवों से जमीनों का प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। 18 सौ मीटर में भवन का निर्माण होगा। इसमें हॉल, कमरे, शौचालय आदि बनाएं जाएंगे, जबकि 12 सौ वर्ग मीटर जमीन पार्किंग और परिसर के लिए छोड़ा जाएगा।
सभी विधान सभा क्षेत्रों में एक- एक मछुआ उत्सव भवन बनाने का शासन से पत्र आया है। सीडीओ के माध्यम से जिले के सभी बीडीओ को पत्र गया है। उनसे मछुआ बहुल्य गांवों से सरकारी जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। जमीन मिलने के बाद डीएम की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा अनुमोदन किया जाएगा। इसके बाद उसे शासन को भेजा जाएगा। आरएन तिवारी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य विभाग।