कम बारिश और बेतहाशा बिजली कटौती ने किसानों की कमर तोड़ दी है। बारिश न होने से धान की फसल मुरझा रही है तो खेतों में दरारें पड़ गई हैं। दूसरी तरफ उमस भरी गर्मी में लोगों को बुरा हाल है। विभाग द्वारा मनमाने ढंग से की जा रही विद्युत आपूर्ति से लोगों में गुस्सा है। हालात में सुधार न होने पर उन्होंने जाम की चेतावनी दी है।
सगड़ी तहसील क्षेत्र के नदौरा, पारीपट्टी, मालटारी, बोझिया, महुलिया, कठैचा, कोठिया, डूरीडीहा, सुंदरसराय बल्लो, इमलीपुर, अंडाखोर में वर्तमान में हो रही विद्युत कटौती से किसान परेशान हैं। इस वर्ष अच्छी बारिश न होने और कटौती के कारण किसान खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। इसके कारण खेतों में खड़ी फसलें मुरझा रही हैं। पानी के अभाव में सैकड़ों एकड़ खेती योग्य भूमि में दरारें पड़ गई हैं।
क्षेत्र के किसान श्रीप्रकाश मौर्य, मुकेश राय, अरविंद यादव, दीपक यादव ने बताया कि वर्तमान में बिजली कटौती का आलम यह है कि 24 घंटे में मात्र एक घंटे ही बिजली मिल रही है। जो बिजली मिल भी रही है, उसमें लो-वोल्टेज कोढ़ में खाज का काम कर रही है। लो-वोल्टेज के कारण ट्यूबवेल आदि नहीं चल पा रहे हैं।
सबसे बुरा हाल बिलरियागंज विद्युत उपकेंद्र के पूर्वी फीटर का है। रात में बिजली एकदम नहीं आ रही है। इसके कारण इस उमस भरी गर्मी में लोग सो नहीं पा रहे हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार न हुआ तो वे जीयनपुर-बिलरियागंज मार्ग जाम करने के लिए बाध्य होंगे।