जनपद की खराब विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और लो-वोल्टेज की समस्या को देखते हुए बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री वसीम अहमद ने शुक्रवार को डाकबंगले में विद्युत विभाग के अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। उन्होंने अधिकारियों को इसमें सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस समय जनपद के ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था खराब है।
इस समय किसानों को सबसे ज्यादा बिजली की जरूरत है। बिजली न मिलने के कारण किसान अपनी फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। जो बिजली मिल रही है वह भी लो वोल्टेज है। इसके कारण किसानों के ट्यूबवेल नहीं चल पा रहे हैं। कुछ ऐसा ही हाल नगर क्षेत्र का भी है।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि हम लोग जनता के प्रति जवाबदेह हैं, इसलिए इसमें किसी प्रकार की हीलाहवाली नहीं चलेगी। हर हाल में इस समस्या का समाधान करें। मौके पर मुख्य अभियंता पीपी सिंह, अधीक्षण अभियंता डीके सिंह, अधिशासी अभियंता एएच खान आदि उपस्थित थे।