फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Azamgarh News: नवजात की मौत पर हंगामा, अस्पताल के सामने शव रखकर बैठे परिजन

विज्ञापन
लालगंज में निजी हॉस्पिटल में उपचार के दौरान नवजात की मौत के बाद जुटी भीड़। - फोटो : 1
विज्ञापन
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कटघर स्थित लालगंज चौराहे पर संचालित एक हॉस्पिटल में नवजात की मौत के बाद बुधवार को परिजनों ने हंगामा किया। अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही और गलत दवा देने का आरोप लगाते हुए परिजन नवजात का शव लेकर अस्पताल के सामने बैठ गए।
विज्ञापन

उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कटघर रोहुआ जलालपुर गांव निवासी संजय की पत्नी अर्चना ने तीन दिन पहले लालगंज स्थित हॉस्पिटल में बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के बाद नवजात की तबीयत खराब होने पर उसे एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन

परिजनों के मुताबिक, यहां तीन दिनों तक उसका इलाज चला, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई और गलत दवा देने के कारण नवजात की मौत हुई।
उनका कहना है कि हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बच्चे को जौनपुर रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने नवजात को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
आक्रोशित परिजन शव लेकर उसी निजी हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उसका उपचार हुआ था। परिजन अस्पताल के सामने बैठकर कार्रवाई की मांग करने लगे। इससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इस संबंध में देवगांव कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नवजात की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें