इसी बीच मतदान वाले दिन पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश राय ने एक फोटो फेसबुक पर पोस्ट किया। जिसमें भाजपाइयों के साथ सपा विधायक व भाजपा प्रत्याशी अरुणकांत यादव के पिता रमाकांत यादव भी बैठे दिखाई दे रहे हैं।
यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। लोग यह कयास लगाने लगे कि आखिर पूर्व सांसद और वर्तमान में विधायक रमाकांत यादव किसके साथ हैं। अब यह तो मतगणना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि रमाकांत पुत्र के साथ थे अथवा पार्टी के साथ।
वहीं इस बारे में पूछने पर विधायक रमाकांत यादव ने कहा कि मैं तो जनप्रतिनिधि हूं। जब मैं वहां पहुंचा तो बूथ से दूर ही वाहन रोक दिया गया। इसके बाद पैदल भाजपा के कैंप के आगे से गुजर रहा था तो जनप्रतिनिधि होने के नाते नमस्कार करते हुए वहां चला गया और सभी से मिलने के बाद वापस लौट गया। मैं एमएलसी चुनाव ही नहीं हमेशा के लिए समाजवादी पार्टी में हूं और रहूंगा। वायरल फोटो के बारे में मुझे कुछ नहीं कहना।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश यादव ने कहा कि यह तो बहुत अच्छी बात है कि हमारे पार्टी के प्रत्याशी को सभी दलों का समर्थन मिल रहा है। महराजगंज ब्लॉक पर हम अपने पार्टी प्रत्याशी अरुणकांत के समर्थन में बैठे थे। जो फोटो हमने पोस्ट की है, उसमें विधायक रमाकांत यादव के साथ ही अन्य कई दलों के लोग भी मौजूद रहे, जो हमारे पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में थे।