राज्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की योगी सरकार ने साढे चार वर्ष में छह लाख से अधिक लोगों को रोजगार मुहैया कराया। जबकि सपा शासन में दो लाख लोगों और बसपा की सरकार में 95 हजार लोगों को ही रोजगार मिला था। भाजपा सरकार के कार्यकाल में लोगों के घरों तक विकास पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य का विकास उसके राजस्व से आंका जाता है। उत्तर प्रदेश का मानक राजस्व साढे़ चार वर्ष में ग्यारह हजार करोड़ से बढ़कर 21 हजार करोड़ से अधिक हो गया है। यह स्थिति तब है जब प्रदेश सरकार ने सर्किल रेट नहीं बढ़ाया है।
कहा कि नियमानुसार हर छह महीने पर सर्किल रेट की समीक्षा होती है और बढ़ोतरी का प्रस्ताव किया जाता है। राज्य मंत्री ने कहा कि राजस्व तब बढ़ता है जब लोगों के खाने-पीने के बाद पैसा बचता है और वे जमीन ज्यादा खरीदते हैं। आय तभी होती है जब माहौल व कानून व्यवस्था अच्छी होती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की 40 योजनाओं में प्रदेश प्रथम स्थान पर है।
वर्ष 2014 में जब केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास के लिए प्रस्ताव मांगा था तो अखिलेश सरकार ने केवल 18 हजार आवासों का प्रस्ताव दिया था। उसमें से भी मात्र 13 हजार आवास ही प्रदेश में समाजवादी पार्टी सरकार बना पाई थी।
बताया कि प्रदेश सरकार में 42 लाख परिवार को अब तक प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिया गया है। इसमें से अकेले आजमगढ़ में ही 5556 पात्र व्यक्तियों को आवास से लाभान्वित किया गया है। कार्यक्रम में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, जिलाधिकारी राजेश कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह, भाजपा नेता अजय सिंह व सत्येंद्र राय समेत अन्य लोगों ने संबोधन किया।