आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के हरिकिशुनपुर डगरा के पास ट्रेन की चपेट में आने एक महिला के दोनों हाथ कट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। अचेत होने के चलते महिला की पहचान नहीं हो सकी है।
दिल्ली से आजमगढ़ आने वाली कैफियात एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार को सुबह करीब 11 बजे रानी की सराय थाने के हरिकिशुनपुर डगरा के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। इस हादसे में उसके दोनों हाथ कट गए। कुछ देर बाद डगरा से गुजर रहे ग्रामीणों ने महिला को रेलवे लाइन किनारे घायल अवस्था में पड़ा देखा। ग्रामीणों द्वारा तत्काल इसकी सूचना रानी की सराय थाने की पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और 108 नंबर एंबुलेंस बुलाया गया। काफी देर बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इसके बाद घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। महिला के बेहोश होने के चलते उसका नाम व पता ज्ञात नहीं हो सका है। पुलिस महिला के पास एक झोले में मिले सामान आदि के माध्यम से उसकी पहचान करने में जुटी हुई है।