जिले की ग्राम पंचायतों में सफाई कार्य में लापरवाही बरतने पर दो सफाईकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति में लापरवाही पाए जाने पर पांच ब्लाकों के खंड प्रेरकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय के अनुसार, रानी की सराय विकास खंड की मित्रसेनपुर ग्राम पंचायत के सफाईकर्मी हनुमान और तहबरपुर विकासखंड की बड़सरा खालसा ग्राम पंचायत के सफाईकर्मी सुरेंद्र यादव के खिलाफ संबंधित एडीओ पंचायत ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को लिखित शिकायत की थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दोनों सफाईकर्मी विद्यालयों में नियमित साफ-सफाई नहीं करते और गांव में भी सफाई कार्य के लिए नहीं जाते हैं। शिकायत के आधार पर डीपीआरओ ने दोनों को निलंबित कर दिया।
इसी तरह व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की समीक्षा के दौरान पल्हनी, मेंहनगर, मोहम्मदपुर, जहानागंज और बिलरियागंज ब्लाकों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिली। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर इन पांचों ब्लाकों के खंड प्रेरकों को नोटिस जारी किया गया है।
उनसे लापरवाही के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र ने बताया कि योजनाओं में लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी एडीओ पंचायतों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर साफ-सफाई का हाल देखें और योजनाओं की धरातलीय समीक्षा करें। इसमें लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।