सठियांव। मुबारकपुर थाने के देवरिया खालसा गांव निवासी अधेड़ की शुक्रवार की रात ठंड लगने से मौत हो गई। परिवार के लोग बगैर पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक रामकुंवर राम (50) पुत्र अलगू मुबारकपुर थाने के देवरिया खालसा गांव का निवासी था। शुक्रवार की रात उसकी तबियत खराब हुई। परिवार के लोग अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रामकुंवर राम दो बेटा और चार बेटियों का पिता था। उधर, कप्तानगंज स्थानीय थाना क्षेत्र के रसूलपुर उर्फ पासीपुर गांव निवासीनी एक महिला की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। जांच के लिए पहुंचे डॉक्टर ने ठंड से महिला के मौत होने की आशंका व्यक्त की है। मृतका तीन बच्चियों की मां थी, जिसके चलते उसका शव भी पीएम में नहीं भेजा जा सका। पहले पिता और अब मां का साया भी सिर से हट जाने से तीनों बच्चियों का रो-रो कर बुरा हाल है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर पासीपुर गांव निवासी फौजदार राजभर की तीन वर्ष पूर्व पेड़ से गिर कर मौत हो चुकी है। उसकी पत्नी 35 वर्षीया शीला देवी अपने तीन बच्चियों के साथ मड़ई रहती थी और मजदूरी आदि कर तीनों बच्चियों को किसी तरह से पाल रही थी। भोजन बनाकर तीनों बेटियों के साथ टूटी-फूटी मड़ई में सो गई। सुबह बच्चियां उठी तो मां को जगाने लगी लेकिन रात में सोई शीला फिर नहीं उठी। लोगों ने एक प्राइवेट डॉक्टर को मौके पर बुलाया गया, जिसने जांच के बाद शीला को मृत घोषित कर दिया। परिवार में कोई बड़ा न होने के चलते मृतका का शव भी पोस्टमार्टम में नहीं भेजा जा सका।