रौनापार थाना क्षेत्र के आराजी देवारा करखिया में डूबने से युवक की मौत के बाद रोते परिजन।
- फोटो : AZAMGARH
रौनापार। रौनापार थाना क्षेत्र के अलग अलग दो घटनाओं के दौरान उफनाई नदियों में दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। एक घटना सिरही गांव के पास छोटी सरयू में नहाने के दौरान हुई तो दूसरी घटना आराजी देवारा करखिया पकड़ीहवा गांव की है।
सिरही गांव का रहने वाला आठ वर्षीय सत्यम चौहान पुत्र मनोज चौहान गांव के ही टीपू पुत्र संजय व व राज पुत्र रिंकू चौहान के साथ छोटी सरयू नदी पर रविवार को नहाने के लिए गया था। बाढ़ की वजह से नदी इन दिनों उफनाई हुई है। नहाने के दौरान तीनों डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने देखा तो वे नदी में कूद पड़े और बच्चों को बचाने का प्रयास किया। किसी तरह टीपू व राज को तो बचा लिया गया लेकिन सत्यम नदी में डूब गया। काफी खोज के बाद उसे नदी से बरामद किया गया। डॉक्टर के पास ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सत्यम दो भाईयों में छोटा था। उसकी एक बहन भी है। दूसरी घटना भी रौनापार थाना क्षेत्र के अराजी देवारा करखिया पकड़ीहवा गांव में घटी। गांव निवासी 19 वर्षीय जालंधर यादव पुत्र साधू यादव रविवार को दिन में हैदराबाद चांदपट्टी मार्ग पर पुलिया से नदी में कूद कर नहाने के दौरान डूब गया। ढाई घंटे बाद उसका शव नदी से बरामद हुआ। जालंधर भी दो भाईयों में छोटा था और आईटीआई कर रहा था। उसकी दो बहनें हैं। डूबने से मौत की घटनाओं से पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है।