आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डिलिया के एक ट्यूबेल से दो नेपाली मजदूरों को पकड़ कर जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर भेजा गया। इसके बाद उन्हें क्वारंटीन किया गया है।
ग्राम डिलिया निवासी आकाश पुत्र राजू जायसवाल चार दिन पहले मथुरा से वापस घर आया है। आकाश मथुरा के एक कंपनी में काम करता था। वहीं पर नेपाल के रहने वाले प्रकाश और राजेश भी काम कर रहे थे। कंपनी लॉकडाउन के कारण बंद हो गई थी। कंपनी के बंद हो जाने के कारण वहां पर काम कर रहे मजदूरों ने घर का रुख किया। आकाश मथुरा से वापस घर आ गया था।
दोनों नेपाली मजदूर भी मथुरा से चल कर किसी तरह से डिलिया गांव पहुंच गए। यहां वह साथी को तलाश करने लगे। रात में गांव के बाहर एक ट्यूबेल में खाना खिलाकर उन्हें गांव के बाहर रखा गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों नेपाली मजदूरों को जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर में भेजा गया।