शहर कोतवाली क्षेत्र के अग्रसेन चौराहे के पास बुधवार देर शाम दो बाइक सवारों के बीच हुई टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। आरोप है कि दोनों ने सड़क किनारे पड़ी ईंट उठाकर एक-दूसरे पर वार किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना किसी राहगीर ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष वहां से जा चुके थे। पुलिस को घटनास्थल पर कोई व्यक्ति नहीं मिला।
शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्ष वहां से निकल चुके थे। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर मिलती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।