सिधारी थाना क्षेत्र पैकौली में पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। सिधारी थाने की पुलिस ने रविवार की सुबह सोखा की हत्या करने जा रहे दो बदमाशों को पैकौली मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। बदमाश इगल मोबाइल टीम के सदस्यों के टोकने पर उन पर गोली चलाकर भागने लगे। हालांकि पुलिस अपना बचाव करते हुए इन दोनों को पकड़ने में कामयाबी पा ली। इनके पास से एक पिस्टल, तीन कारतूस और एक खोखा बरामद की है। गिरफ्तार दोनों बदमाशों को जेल भेजवा दिया गया। इन युवकों के साथ भूतप्रेत भगाने के मामले में डेढ़ लाख रुपये की ठगी करने वाले सोखा के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी त्रिवेणी सिंह के मुताबिक गिरफ्तार बदमाशों में राजीव यादव पुत्र शिववचन यादव मुबारकपुर थाने के बनकट गांव और हरिओम गोंड़ पुत्र रामकिरत मुबारकपुर थाने के रामपुर गांव का निवासी है। एसपी के मुताबिक राजीव यादव के मां की तबियत ठीक नहीं रहती है। परिवार के लोग काफी दवा इलाज करके थक चुके हैं। उसे बीच-बीच में दौरा भी पड़ जाता है। ऐसे में राजीव की मुलाकात सिधारी थाने के पैकौली गांव निवासी सोखा हरिराम यादव से हुई। सोखा ने कहा कि भूत-प्रेत का चक्कर है। मैं इस बीमारी को जड़ से समाप्त कर दूंगा। बदले में हरिराम ने राजीव से दो किस्तों मेें डेढ़ लाख रुपये लिया। पहली बार 70 हजार और दूसरी बार 80 हजार रुपये, लेकिन बीमारी नहीं ठीक हो सकी। राजीव ने अपना रुपया मांगा तो हरिराम धमकी देने लगा। आज रविवार की सुबह घर पर बुलाया था। ऐसे में राजीव अपने दोस्त हरिओम गोंड़ के साथ असलहे से लैस होकर जा रहा था। इरादा था कि रुपये नहीं देगा तो गोली मार देंगे। मुखबिर के जरिए सिधारी थाने के इगल मोबाइल टीम को जानकारी हुई। पैकौली गांव के पास इगल मोबाइल टीम के सिपाहियों ने बाइक से सोखा हरिराम के घर जा रहे राजीव और हरिओम को टोकते हुए रुकने को कहे तो बदमाश पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस अपना बचाव करते हुए इन दोनों को गिरफ्तार कर ली। पूछताछ के दौरान सच का पता चला। एसपी त्रिवेणी सिंह ने प्रभारी निरीक्षक सिधारी विनय मिश्रा को भूत-प्रेत के नाम पर ठगी करने वाले सोखा हरिराम के विरुद्ध भी कार्रवाई का आदेश दिया।