बिंद्राबाजार। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के उतरगांवा गांव निवासी एक व्यक्ति के कच्चे मकान में नकब लगाकर शनिवार की रात घुसे चोर आलमारी तोड़कर 57 हजार रुपये नगदी सहित दो लाख रुपये मूल्य के सामान और आभूषण चुरा ले गए। रविवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर दी।
उतरगांवा निवासी वसंता कन्नौजिया की गंभीरपुर बाजार में कपड़ा प्रेस करने और धोने की दुकान है। उसके दोनों बेटों की भी अलग-अलग दुकानें हैं। मकान बनवाने के लिए वसंता ने 57 हजार रुपया इकट्ठा कर आलमारी में रखा था। शनिवार की रात परिवार के लोग अपने-अपने कमरे में सोए थे। रात को सुनसान माहौल पाकर चोर मकान के पीछे से नकब लगाकर भीतर दाखिल हुए और आलमारी तोड़कर उसमें रखे 57 हजार रुपये, महिलाओं के आभूषण आदि करीब दो लाख रुपये मूल्य के सामान चुरा ले गए। एसओ गंभीरपुर एसएन वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।