कप्तानगंज। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 223 पर विद्युत उपकेंद्र तेरही के पास बृहस्पतिवार की रात स्कार्पियों से टकराकर बाइक सवार दो किशोरों की मौत हो गई। वहीं एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया गया है।
अतरौलिया के पुरवा गांव निवासी सूरज कन्नौजिया (16) पुत्र राजेश कन्नौजिया, उमेश कन्नौजिया (12) पुत्र रामप्यारे कन्नौजिया व नीरज कन्नौजिया (15) निवासी लोहरा बृहस्पतिवार की रात एक बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी में कंधरापुर जा रहे थे। रिश्तेदार के यहां किसी का जन्मदिन था। अभी कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्युत उपकेंद्र तेरही के पास ही पहुंचे थे कि सामने से आ रही स्कार्पियों से उनकी टक्कर हो गई। इस हादसे में सूरज व नीजर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उमेश गंभीररुप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया गया। वहीं सूचना पर पहुंची कप्तानगंज थाना पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए शव विच्छेदन गृह भेज दिया। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।