थाना क्षेत्र के दिलौरी स्थित गांधी आश्रम के पास सोेमवार शाम लगभग छह बजे बस की चपेट में आकर बाइक सवार इंटर के दो छात्रों की मौत हो गई, तो वहीं तीसरा घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजने के साथ ही मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी आशीष सरोज 17, खल्लोपुर गांव निवासी मनीष भारद्वाज 18 व रानी की सराय कस्बा निवासी आदित्य सिंह 18 सोमवार को इंटरमीडिएट की परीक्षा देने एक ही बाइक से गए थे। शाम छह बजे के लगभग तीनों वापस घर लौट रहे थे। अभी वे रानी की सराय थाना क्षेत्र के दिलौरी गांव स्थित गांधी आश्रम के पास ही पहुंचे थे कि आजमगढ़ से दिल्ली जा रही प्राइवेट बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बाइक सवार आशीष सरोज की जहां मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं मनीष भारद्वाज ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। आदित्य को मामूली चोट आयी है। उसे मरहम-पट्टी के बाद घर भेज दिया गया है। घटना की जानकारी होते ही रानी की सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।