एक अर्ध विक्षिप्त युवक पर अपना दावा कर रहे दो गांव के लोग पहुंचे बरदह थाने पर।
- फोटो : AZAMGARH
बरदह थाने पर रविवार को मानसिक रूप से बीमार एक युवक पर दावा जताने के लिए दो लोग पहुंच गए। दोनों दावेदार अलग-अलग गांव के रहने वाले है। इस मुद्दे पर थाने में काफी देर तक पंचायत चली लेकिन मामला नहीं सुलझा।
लसड़ा खुर्द गांव के देवापुर केवट बस्ती में पसिका गांव में लगभग 25 साल उम्र का एक मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति कुछ दिनों से रह रहा है। रविवार को 10 से ज्यादा लोग अपना बताने लगे। देवापुर केवट बस्ती के लोग भी आ गए और उसे अपने यहां का बताने लगे। इस बात पर दोनों गुटों में तनातनी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस युवक को लेकर थाने चली गई और दोनों दावेदार पक्षों को बुलाया। थाने पर देर तक पंचायत हुई लेकिन कोई हल नहीं निकला। फिलहाल युवक पुलिस की अभिरक्षा में है। एसओ रूद्रभान पांडेय ने बताया कि एक मानसिक बीमार युवक के दो दावेदार सामने आ गए हैं। जांच में स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर डीएनए टेस्ट करके परिजनों के बारे में पता लगाया जाएगा।