14 : शहर कोतवाली क्षेत्र के कोलबाजबहादुर मोहल्ले में बाइक सवार दो उचक्के एक महिला से सोने की चै
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के कोलबाज बहादुर मोहल्ले में शनिवार की शाम बाइक सवार दो उचक्कों ने विजयी देवी पांडेय की सोने की चेन छीन ली। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ भी नहीं पाई और आरोपी भाग गए। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कोलबाजबहादुर गोकुल नगर सेक्टर-1 निवासी विजयी देवी पांडेय शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित कोढ़िया बस्ती में मोरिंगा के पत्ते लेने गई थीं। उन्होंने बताया कि लौटते समय जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचीं, पीछे से बाइक पर सवार दो युवक आए। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठा युवक बिना हेलमेट के था। उसी ने झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन छीन ली। इसके बाद दोनों भाग गए। अचानक हुई इस घटना से विजयी देवी स्तब्ध रह गईं। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक दोनों बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया गया है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।