आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र में वर्ष 2012 में हुए हत्याकांड के मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय आजमगढ़ ने दो आरोपियों दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही दोनों पर 50-50 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।
विज्ञापन
जानकारी मुताबिक 27 अक्टूबर 2012 को कंधरापुर थाना क्षेत्र के शाहपुर मौलानी गांव निवासी शिवनारायण सोनी ने तहरीर दी थी कि उनके पुत्र रामचन्द्र सोनी की तहबरपुर थाना क्षेत्र के बसही गांव निवासी आरोपी अवनीश राय और शहर कोतवाली क्षेत्र के गुरुटोला बदरका मोहल्ला निवासी दीपक सर्राफ ने तेजाब डालकर हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना कंधरापुर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया और मुकदमे की सुनवाई के दौरान 12 गवाहों की गवाही ली गई। शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश जय प्रकाश पांडेय ने दोनों आरोपियों को दोषी पाते हुए आजीवन कारावास और 50-50 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई।