आजमगढ़। निजामाबाद थाने की पुलिस ने अपराध नियंत्रण के तहत बुधवार की देर रात कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से दो तमंचे, तीन कारतूस और दो बिना नंबर प्लेट की बाइक के साथ बरामद की गईं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार निजामाबाद थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग में नेवादा–सेंटरवा मार्ग पर मौजूद थें। इस दौरान दो बाइक नेवादा की ओर से आती दिखाई दीं। रुकने का इशारा करने पर दोनों चालक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में निजामाबाद थाना क्षेत्र के क्यामुद्दीनपट्टी गांव निवासी जीशान शकील व क्यामुद्दीनपट्टी उर्फ परसहा निवासी मो. हामिद शामिल है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक–एक तमंचा और कुल तीन कारतूस बरामद हुए।