आज पूर्वांचल के हालात अच्छे नहीं हैं। भाजपा
द्वारा प्रदेश में सांप्रदायिकता की आग को कभी लव जिहाद तो कभी धर्मांतरण
के नाम पर भड़काया जा रहा है।
उक्त बातें कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष
और राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. रीता बहुगुणा जोशी ने बुधवार को सर्किट हाउस
में पत्रकारों से कहीं।
उन्होंने कहा कि मोदी आदित्यनाथ को आगे कर
सांप्रदायिकता को बढ़ावा दे रहे हैं।
लव जिहाद तो कभी धर्मांतरण का मुद्दा
उछालकर भाजपा द्वारा प्रदेश में ध्रुवीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा
कि 2017 के चुनाव को देखते हुए आरएसएस, विहिप और बजरंग दल द्वारा उत्तर
प्रदेश में जो कार्य किया जा रहा है वह प्रदेश को विनाश की ओर ले जाएगा।
लोगों को डराकर धर्मांतरण कराया जा रहा है। कहा कि मोदी चुनाव के दौरान किए
गए वादे को पूरा नहीं कर सकते। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर डीजल और पेट्रोल के
दाम घटे हैं।
21 हजार करोड़ का मुनाफा सरकार को हुआ है पूर्ववर्ती सरकार
द्वारा जो सब्सिडी दी जा रही थी वह भी पूरी हो चुकी है। लेकिन जिस 21 हजार
करोड़ पर जनता का हक बनता था उसे सरकार ने नहीं दिया।
देश में तेल के दाम
तो गिरे लेकिन भाड़े में कोई कमी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जो कार्यक्रम
यूपीए सरकार ने चलाए उसे तो केंद्र सरकार ने अपना लिया लेकिन मनरेगा में 35
प्रतिशत की कटौती कर दी।
प्रदेश की अखिलेश सरकार पर हमला करते हुए
उन्होंने कहा कि सपाके शासन में शिलान्यास तो हो रहे हैं लेकिन कार्यों का
पता नहीं चल रहा। अभी तक धान क्रय केंद्र नहीं खुले हैं, जिससे किसान अपनी
फसल बिचौलियों को बेचने को मजबूर है।
यूपीए सरकार द्वारा बंद चीनी मिलों को
चालू कराने के लिए जो धन आवंटित किया था, वह अभी तक नहीं मिल सका है।
प्रदेश सरकार मऊ की एक मात्र चीनी मिल को भी प्राइवेट सेक्टर में देने जा
रही है।