रानी की सराय में सेमरहा अंडरपास के नीचे जलभराव में फंसे ट्रक।
- फोटो : AZAMGARH
रानी की सराय। सेमरहा अंडरपास मेें जलभराव लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना गया है। सोमवार की रात यहां एक ट्रक खराब होने से हालात बदतर हो गए। अंडरपास से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। इसके चलते लंबा जाम लगा रहा। जाम के कारण लोगों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। लोग गांवों की पगडंड़ियों से होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाते हुए देखे गए।
सेमरहा अंडरपास से लोगों की मुसीबत बढ़ गई हैं। आए दिन जलभराव के कारण जाम से लोग परेशान हो गए हैं। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण अंडरपास के नीचे घुटने तक जलभराव हो गया है। इस जलभराव में बाइक तो आधा डूब जा रही है। लोगों को काशी और जौनपुर जाने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अंडरपास के नीचे से पानी निकालने के लिए पंप तो लगा है। लेकिन उसे चालू नहीं किया गया। इससे मंगलवार को भी पानी नहीं निकल सका। इसी बीच सोमवार की देर रात अंडरपास के नीचे एक ट्रक के खराब हो जाने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह दस बजे तक मौके पर पुलिस भी नहीं पहुंची थी, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों से रास्ता पूछकर लोग अपने-अपने गंतव्य को जाने के लिए दूसरे रास्तों से हुए निकल रहे थे।