नगर पंचायत जीयनपुर के आजाद नगर (नोनिया टोला) में 250 केवीए का ट्रांसफार्मर धू-धू कर जल गया। इस दौरान वहां लोगों में अफरातफरी मच गई।
मोहल्लेवालों की सूचना पर बिजली विभाग ने बिजली तो काट दी लेकिन मौके पर कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। लगभग एक घंटे तक ट्रांसफार्मर जलता रहा। विभाग की इस लापरवाही से लोगों में गुस्सा है।
ट्रांसफार्मर में शार्ट-सर्किट के चलते आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि लोग सहम गए। इस दौरान मोहल्ले में अफरातफरी मच गई।
आग इतनी भयंकर थी कि आग बुझाने की हिम्मत कोई नहीं जुटा पा रहा था। एक घंटे बाद आग स्वत: बुझ गई। उधर ट्रांसफार्मर जलने से टड़वा बद्दोपुर, हसनपट्टी, आजाद नगर, मुबारकपुर त्रिमुहानी सहित पांच सौ घरों में अंधेरा फैल गया।
डा. टीपी श्रीवास्तव, राजकुमार राय, डा. इस्तेयाख, अरविंद चौरसिया, सुरेंद्र गोंड ने कहा कि ट्रांसफार्मर ओवरलोड के कारण बार-बार जल जाता है। एसडीओ हंसराज कुमार कौशल ने बताया कि इसकी सूचना जिला मुख्यालय स्थित स्टोर को दे दी गई है। सोमवार को दूसरा ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा।