आजमगढ़। रेलवे ने आम नागरिकों के लिए हुए एक जून से 200 यात्री ट्रेनों का परिचालन शुरू करने की घोषणा की है। इसमें आजमगढ़ से होकर भी तीन जोड़ी ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इनके लिए 21 मई से आनलाइन टिकट बुकिंग और 22 मई से सीमित आरक्षण काउंटरों से टिकट बुकिंग चालू है। ये ट्रेनें पहले से चल रही 15 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों और श्रमिक ट्रेनों के अतिरिक्त होंगी। इनमें एसी और नॉन एसी के अलावा जनरल कोच भी होगा। पूरी तरह से आरक्षित ट्रेनें होंगी। यात्रा करने के लिए सभी श्रेणी के कोचों में आरक्षण अनिवार्य है।
आजमगढ़ से होकर तीन जोड़ी ट्रेनें 04649/04650 जयनगर-अमृतसर, 09165/09166 अहमदाबाद-दरभंगा, 09046/09045 छपरा सूरत चलाई जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए मऊ और आजमगढ़ आदि के कम्प्यूटरीकृत यात्री आरक्षण केन्द्र सिंगल शिफ्ट (सुबह आठ से से शाम चार बजे तक के लिए) खोले गए हैं। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का प्रवेश और निकास अलग-अलग द्वार से होगा। स्टेशनों एवं ट्रेनों में मानक सामाजिक दूरी और रक्षा, सुरक्षा और स्वच्छता प्रोटोकाल का पालन किया जाएगा। केवल कंफर्म्ड टिकट वाले यात्रियों को ही रेलवे स्टेशन में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। ट्रेन पर चढ़ने के लिए सभी यात्रियों की अनिवार्य रूप से जांच की जाएगी और लक्षण न पाए जाने वाले यात्रियों को ही यात्रा करने की अनुमति होगी। यात्रियों को कम से कम 90 मिनट पहले स्टेशन पहुंचना होगा। यात्रा के दौरान मास्क पहनना होगा। ट्रेन के भीतर कोई लिनेन, कंबल और पर्दे उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे।