आजमगढ़। महानगरों में कोविड के ओमिक्रॉन वैरिएंट के प्रसार के बावजूद श्रमिक काम पर लौटने लगे हैं। इससे सूरत, मुंबई और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में सीट ही नहीं मिल रही है। प्रतीक्षा सूची का टिकट नहीं मिल रहा है।
अन्य देशों में तेजी से फैल रहे ओमिक्रॉन ने मुसीबतें बढ़ा दी है। अन्य जिलों में कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन काफी तेजी से फैल रहा है। इसे लेकर सरकार ने सख्त निर्देश भी जारी किए हैं। बावजूद इसके लोग बिना मास्क के बाहर जा रहे हैं। उधर, महानगरों की ओर जाने वाली ट्रेन गोदान एक्सप्रेस, ताप्ती गंगा एक्सप्रेस, कैफियात व कोलकाता समेत अन्य ट्रेनों में अगले एक सप्ताह तक सीटें नहीं खाली हैं। कुछ में 100 से लेकर 150 तक प्रतीक्षा सूची है। कई ट्रेनों में तो टिकट ही नहीं मिल रहा है। गोदान एक्सप्रेस में एक सप्ताह तक सीट ही नहीं है।
मुंबई को जाने वाली गोदान एक्सप्रेस ट्रेन इस रूट की सबसे व्यस्त ट्रेन है। इसमें वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रहा है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आजमगढ़ स्टेशन से होकर चलने वाली ताप्ती गंगा एक्सप्रेस व कैफियात एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों का यही हाल है।
मिथलेश कुमार, मंडल वाणिज्य निरीक्षक