पूर्वाचल विश्वविद्यालय द्वारा जारी किए गए परीक्षा सारिणी में बदलाव की मांग पर सुनवाई न होने से नाराज छात्र सोमवार को सड़क पर उतर गए। छात्रों ने शिब्ली महाविद्यालय गेट के सामने चक्काजाम कर दिया।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस के साथ एसडीएम सदर अयोध्या प्रसाद मौके पर पहुंचे, उन्होंने छात्रों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर द्वारा जारी परीक्षा सारणी में एक विषय और दूसरी विषय की परीक्षा में कोई अंतराल नहीं दिया गया है। जारी परीक्षा सारणी का छात्रों ने विरोध किया।
साथ ही उसमें परिवर्तन की मांग किया। इस दौरान छात्रों का एक जत्था डीएम कार्यालय जाकर उन्हें भी ज्ञापन सौंप चुका है। सोमवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा।
परिणामस्वरुप आक्रोशित छात्रों ने कालेज गेट के सामने चक्का जाम कर दिया। जाम का नेतृत्व शिब्ली महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष शीला यादव ने किया।
सोमवार की सुबह 10.30 बजे छात्रों के द्वारा किया गया जाम दोपहर तक चला। छात्रों के द्वारा जाम लगाए जाने की सूचना मिलने पर शहर कोतवाल सारंगधर द्विवेदी और एसडीएम सदर अयोध्या प्रसाद मौके पर पहुंचे।
एसडीएम ने छात्रों को समझाया, साथ ही मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। इस पर दोपहर 12 बजे जाम समाप्त हुआ।
इस मौके पर हरिकेश यादव, सिद्धनाथ सिंह, विनीत सिंह, लालजीत यादव, उपेंद्र पांडेय, उत्कर्ष सिंह, विवेक सिंह, महताब आलम आदि उपस्थित थे।