लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के पारा गांव में शुक्रवार की सुबह छोटी बहन को करेंट से बचाने के चक्कर में तीन बहनें चूल्हे पर गिर गईं। इस दौरान आग लगने से तीनों बहनों झुलस गईं। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
आग से झुलसने वालों में रीता (15), सरोज (12) और चंद्रकला (10) हैं। यह सभी रौनापार थाने के पारा गांव निवासी श्रीराम की बेटी हैं। शुक्रवार की सुबह रीता घर में गैस चुल्हा जलाकर भोजन बना रही थी। इस दौरान छोटी बहन चंद्रकला करेंट की चपेट में आ गई। चंद्रकला की चीख सुनकर रीता और सरोज उसे बचाने लगी। इस दौरान तीनों बहनें एक साथ बिजली का झटका लगने से जलते हुए चूल्हे पर गिर गईं और कपड़े में आग लगने से तीनों झुलसने लगी। इनकी चीख पुकार सुनकर परिवार सहित आसपास के लोग पहुंचे और किसी तरह से आग के इस घटना पर काबू पाते हुए तीनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है।