ठेकमा। बरदह थाना क्षेत्र के शादीपुर गांव (ठेकमा) के पास बाइक सवार महिला समेत तीन लोगों को पीछे से आ रही ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में महिला और एक अधेड़ की मौत हो गई, वहीं सवार तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बाइक सवार दवा लेकर वापस लौट रहे थे। दुर्घटना करने वाली ट्रक को गंभीरपुर पुलिस ने चालक पकड़ लिया है।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव निवासी 45 वर्षीय रामनवल यादव पुत्र दूधनाथ गांव के ही 28 वर्षीय पुनीत पुत्र कतवारू व उसकी मां 54 वर्षीया हीरावती पत्नी कतवारू को बाइक से दवा दिलाने के लिए शनिवार की सुबह लालगंज बाजार गए हुए थे। दवा लेकर तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। अभी वे बरदह थाना क्षेत्र के ठेकमा बाजार के पास शादीपुर गांव के सामने पहुंचे थे कि पीछे से आ रही ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार गिर पड़े और फिर ट्रक उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गई। इस हादसे में हीरावती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामनवल व पुनीत गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पीएचसी ठेकमा लाया जा रहा था। अस्पताल पहुंचने के पहले ही रामनवल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुनीत को पीएचसी ठेकमा पर भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मृतका हीरावती तीन पुत्रों की मां थी वहीं मृतक रामनवल एक पुत्र व एक पुत्री के पिता थे।