जयसिंहपुर/सुल्तानपुर/आजमगढ़। घने कोहरे के बीच पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दरपीपुर के पास सोमवार सुबह 8:20 बजे लखनऊ से आजमगढ़ जा रही तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार आजमगढ़ के तेवखार सरायमीर निवासी शंभूलाल (55), अजय कुमार (30) व चालक सिकंदर (27) की मौत हो गई। वहीं, आठ लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी दोस्तपुर से जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया है। दरपीपुर के पास सोमवार सुबह घने कोहरे की वजह से हुई दुर्घटना में शंभूलाल की पत्नी मीना देवी (40), पुत्र कोहिनूर (16), बड़ी पुत्री उजाला (24), छोटी पुत्री कुमारी रोशनी (15), सबसे छोटा पुत्र अंश (12), दामाद सुरेंद्र (30), सुरेंद्र की पत्नी खुशबू (27) व पुत्री सनाया (06) गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोकी नाथ पांडेय ने बताया कि सिकंदर व अजय की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि शंभूलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर में चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
अन्य घायलों को भी क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकालने के बाद एंबुलेंस से सीएचसी दोस्तपुर पहुंचाया गया। वहां से सभी को अंबेडकरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी राम जगत तिवारी ने बताया कि दुर्घटना कार चालक की लापरवाही से हुई है। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से ट्रक से बाहर निकाला गया। कार को रिकवरी वैन से सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था की गई है। वाहनों को हटाने के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर यातायात बहाल कर दिया गया। जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मस्कट से ढाई साल बाद आ रहे थे शंभूलाल
सरायमीर। स्थानीय थाना क्षेत्र के टेवखर गांव निवासी शंभूलाल (55) व शंभूलाल के दोस्त बरदह थाना क्षेत्र के सम्मोपुर गांव निवासी अजय (25) पिछले ढाई साल से मस्कट रहते थे। वह तीन वर्ष बाद अपने घर के लिए ओमान के मस्कट से घर के लिए हवाई जहाज से रवाना हुए। उनकी जहाज लखनऊ एयरपोर्ट पर आनी थी। इधर, शंभूलाल की पत्नी मीना देवी (38) अपने पति को लेने के लिए गांव के ही सिकंदर (27) की चार पहिया गाड़ी भाड़े पर बुक की। इसके बाद अपनी बेटी खुशबू (27), दामाद कुरियावां गांव निवासी दामाद सुरेंद्र (30), नातिन सनाया (6), बेटा कोहिनूर (16), पुत्री उजाला (24), कुमारी रोशनी (15) और छोटा बेटा अंश (12) को लेकर पति को लेने के लिए घर से निकली। सिकंदर एयरपोर्ट से शंभूलाल व उनके दोस्त अजय को लेकर घर के लिए रवाना हो गया। वह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर जैसे ही सुल्तानपुर जनपद के दरपीपुर के पास पहुंचा ही था कि गाड़ी अनियंत्रित होकर सामने खड़े एक ट्रक में जा घुसी।
चालक सिकंदर की हुई थी सगाई
सरायमीर। सुल्तानपुर जनपद के दरपीपुर में सोमवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर लखनऊ से आजमगढ़ आ रही तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में मृत चालक सिकंदर की सगाई हो चुकी थी उसकी शादी होने वाली थी। सरायमीर थाना प्रभारी निहार नंदन ने बताया कि दो की मौत होने की सूचना मिली मुझे मिली है। घर पर सूचना दे दी गई है। सिकंदर के परिजनों ने बताया कि उसकी सगाई अभी हाल ही में हुई थी। शादी की तिथि तय नहीं थी लेकिन शादी की तैयारी चल रही थी। सिकंदर की मौत से खुशी का माहौल गम में बदल गया। वहीं, शंभूलाल के घर पर कोई नहीं है। इससे ताला बंद है लेकिन गांव के लोग शंभू के घर घायलों का हालचाल जानने के लिए पहुंच रहे हैं।