आजमगढ़। जिले में 3 नगर पालिका और नगर पंचायतों की संख्या 13 हैं। इसके बावजूद आज तक कहीं पार्किंग की व्यवस्था नहीं बन पाई है। इससे लोगों को हर दिन करीब 4-5 घंटे जाम से जूझना पड़ता है। वहीं जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक जिले की आबादी करीब 56 लाख है। आजमगढ़, मुबारकपुर और बिलरियागंज नगर पालिका है, जबकि महाराजगंज, जीयनपुर, अजमतगढ़, जहानागंज, कटघर लालगंज, सरायमीर, फूलपुर, माहुल, मार्टीनगंज, बूढ़नपुर, अतरौलिया, मेंहनगर और निजामाबाद नगर पंचायतें हैं। अभी तक कहीं भी पार्किंग की व्यवस्था न होने से लोग सड़कों पर वाहन खड़े कर अपने काम निबटाते हैं। शहर में ही देखा जाय तो सिधारी पुल, चौक, पुरानी सब्जी मंडी, कोटकिला, दलालघाट में आए दिन जाम लगता है। शहर में कहीं भी पार्किंग नहीं है।
अमिलो: मुबारकपुर के रोडवेज चौराहा पर आवागमन अधिक रहता है। सुबह ज्यादा जाम लग जाता है। बड़ी अजंटी, छोटी अजंटी,लाल चौक पर भी यही हाल रहता है।
मेंहनगर: नगर पंचायत की स्थापना 1979 में हुई थी। पंद्रह वर्ष पहले इसे आदर्श नगर पंचायत का दर्जा मिला, लेकिन आज भी यहां लोग पार्किंग के लिए तरस रहे हैं। सकरी गलियां और सड़कों से अक्सर जाम की समस्या बन जाती है।
00
पैदल निकलना भी हो जाता है मुश्किल
बिलरियागंज। नगर पालिका की मुख्य सड़क पर हर रोज जाम लगता है। नया चौक, पुराना चौक, खास बाजार में दिन भर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती है। कासिमगंज इलाके में जाम से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। पालिका प्रशासन पार्किंग की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा सका है। यही नहीं हर बुधवार और शनिवार को खास बाजार में लगने वाली साप्ताहिक बाजार के चलते स्थिति और भी बदतर हो जाती है। चेयरमैन मीना पासवान ने कहा कि पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है। जल्द ही स्थान चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
आजादी से पूर्व बनी नगर पंचायत में पार्किंग नहीं
अतरौलिया। नगर पंचायत अतरौलिया का गठन आजादी से पूर्व हो गया था, लेकिन आज भी यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। कस्बा के सीताराम, मनोहर ने बताया कि यह नगर पंचायत काफी पुरानी हो चुकी है। यहां पार्किंग की व्यवस्था आज तक नहीं की गई। इससे काफी जाम लगता है। इससे लोगों की दुकानदारी भी प्रभावित होती है। सहालग में तो परेशानी और बढ़ जाती है। अधिशासी अधिकारी विनय शंकर अवस्थी ने कहा कि बोर्ड की बैठक के समक्ष हम पार्किंग का प्रस्ताव रखेंगे।
मैं अभी नया आया हूं,मेेरे समय एक बार बैठक हुई थी लेकिन किसी सभासद ने पार्किंग का मुद्दा नहीं उठाया था। नगर पालिका बोर्ड की अगली बैठक में पार्किंग की बात रखी जाएगी। सभासद जहां का सुझाव देंगे वहां पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।- भूपाल सिंह, अधिशासी अधिकारी नपा. आजमगढ़।