फरिहा में दुकान के बाहर जांच करती पुलिस और लगी लोगों की भीड़। संवाद
निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा बाजार में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने आजमगढ़ रोड स्थित ओम ज्वैलर्स की दुकान का शटर तोड़कर तीन किलो चांदी, सोना और नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह दुकान संचालक पवन गुप्ता को हुई।
सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। पवन गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो सामने का शटर टूटा मिला।
अंदर जाने पर दुकान में रखा सामान अस्त-व्यस्त था और आभूषण व नकदी गायब थी। उन्होंने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। निजामाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह और सीओ सदर आस्था जायसवाल भी मौके पर पहुंचे। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पीड़ित दुकान संचालक की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक चोर दुकान से करीब तीन किलो चांदी, 15 ग्राम सोना और तीन हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
थाना प्रभारी निजामाबाद राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।