आजमगढ़। बीते 36 घंटे के अंदर जिले की पुलिस ने तीन मुठभेड़ों में तीन बदमाशों को निशाना बनाया। शनिवार सुबह बेला गांव में तो रविवार की सुबह तरवां थाने के जीयापुर बाजार में तथा शाम होते-होते देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कलीचाबाद गांव में पुलिस ने आपराधिक वारदातों को लगातार अंजाम दे रहे बदमाशों को तीन बार घेरा। तीनों स्थानों पर क्रास फायरिंग में तीन बदमाश घायल हो गए। जबकि जीयापुर में तरवा एसओ बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने की वजह से बच गए।
गाजीपुर जिले में साथियों के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने जा रहा 25 हजार का इनामी विनोद राजभर रविवार सुबह छह बजे तरवां थाने के जीयापुर गांव के पास मुठभेड़ में घायल हो गया। उसके साथी वंशी बेनवंशी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तीन बदमाश कोहरे का फायदा उठा कर फायरिंग करते भाग निकले। बदमाशों की गोली प्रभारी निरीक्षक तरवां के बुलेटप्रूफ जैकेट में फंस गई जिससे वह बाल-बाल बच गए।
एसपी त्रिवेणी सिंह के मुताबिक 25 हजार का इनामी विनोद राजभर मेंहनगर थाने के असौसा गांव का तथा वंशी बेनवंशी उर्फ विपिन बेनवंशी मेहनाजपुर थाने के डुहुरू गांव का निवासी है। शनिवार को मेहनाजपुर थाने के बेला गांव से पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस उनके साथियों की तलाश में थी। रविवार की सुबह विनोद और वंशी अपने तीन अन्य साथियों के साथ दो बाइक से गाजीपुर जिले में वारदात को अंजाम देने जा रहे थे। सूचना मिलने पर एसओ तरवां, मेंहनगर और जहानागंज ने टीम के साथ इन्हें जीयापुर बाजार में रोकने का प्रयास किया तो बदमाश फायर करते हुए भागने लगे। इस दौरान एक गोली तरवां एसओ संदीप यादव के बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। पर वे बच गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विनोद राजभर पैर में गोली लग गई जिससे वह बाइक सहित गिर गया और उसका साथ वंशी भी पकड़ लिया गया। इनके पास से 16 हजार रुपये, लैपटाप, तमंचा, कारतूस, मोबाइल और लूट की बाइक बरामद हुई। इस दौरान दूसरी बाइक पर सवार तीन बदमाश फरार हो गए। गिरफ्तार बदमाशों के विरुद्ध आजमगढ़, गाजीपुर, जौनपुर आदि जिलों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कलीचाबाद गांव के पास रविवार शाम सवा छह बजे पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश जीउत राजभर घायल हो गया। उसके दो साथी फरार हो गए। घायल बदमाश के पास से लूट के 21 हजार रुपये, तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। दो दिनों के भीतर पुलिस ने मुठभेड़ की हैट्रिक लगाई है।
एसपी सिटी पंकज पांडेय ने बताया कि रविवार सुबह तरवां थाने के जीयापुर बाजार में हुए एनकाउंटर में फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सघन तलाशी अभियान चला रही थी। शाम को सीओ लालगंज अजय यादव के नेतृत्व में कोतवाल देवगांव दिनेश यादव टीम के साथ देवगांव-मेहनाजपुर मार्ग पर कलीचाबाद गांव के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। शाम सवा छह बजे एक बाइक पर तीन युवक आते दिखे। पुलिस ने इन्हें रोका तो पीछे बैठे बदमाश ने फायर कर दिया और तीनों भागने लगे। जवाब में चली पुलिस की गोली जीउत के पैर में लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जीउत मेहनाजपुर थाने के डुहुरू गांव का निवासी है। जबकि फरार बदमाश राहुल पांडेय भी डुहुरू का और विशाल सिंह नोरसिया गांव का निवासी है।
दो दिन के भीतर ताबड़तोड़ तीन एनकाउंटर में पुलिस की गोली से तीन बदमाश घायल हो गए। जबकि दो गिरफ्तार कर लिए गए हैं। इनके पास से लूट के रुपये, मोबाइल, लैपटाप, बाइक आदि बरामद हुआ। पुलिस टीम का यह सराहनीय प्रयास रहा। इसके लिए टीम को इनाम दिया जाएगा। -त्रिवेणी सिंह, एसपी
देवगांव कोतवाली के कलिचाबाद में पुलिस मुठभेड़ में घायल लूट एवं डकैती में वाछित जीऊत राजभर।- फोटो : AZAMGARH
तरवां थाना क्षेत्र के जीयापुर तिराहे के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुए मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण- फोटो : AZAMGARH