आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवारकी देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन गोतस्कर अबु जैद, अब्दुला व अनिल नोना गिरफ्तार कर लिए गए। अबु और अनिल को गोली लगी है। दोनों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि शुक्रवार की रात अहरिगांव नहर पुलिया के पास सूचना पर घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने समर्पण की चेतावनी दी, लेकिन दोबारा फायरिंग का प्रयास होने पर आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई। जवाबी फायरिंग में निजामाबाद थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद वार्ड नं.-10 निवासी अबु जैद के दाहिने पैर में व महराजगंज थाना क्षेत्र के कोलमोदीपुर गांव निवासी अनिल नोना के बाएं पैर में गोली लगी। तीसरे आरोपी हुसैनाबाद वार्ड नं.-10 अब्दुला को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल भर्ती कराया गया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि मौके से पुलिस ने 2 देसी तमंचा, 2 कारतूस, एक चापड़, दो चाकू, चार एंड्रॉयड मोबाइल व एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
सुनसान स्थानों पर करते थे वध -एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि आरोपी सुनियोजित तरीके से छुट्टा गोवंश को सुनसान स्थानों पर ले जाकर वध करते थे। इसके बाद मांस ऊंचे दामों पर बेचते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वशेषों को नदी-नालों में फेंकते या जमीन में गाड़ते थे।
हत्या के प्रयास, चोरी व गोवध के मामलों में पहले से नामजद -एसपी ग्रामीण ने बताया कि आरोपी अनिल नोना पर पहले से ही हत्या के प्रयास, चोरी, गोवध व अन्य संगीन धाराओं में कुल पांच प्राथमिकी दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह आपराधिक गतिविधियों में पूर्व से संलिप्त रहा है। वहीं अन्य गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध भी गोवध निवारण अधिनियम एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज हैं।