अमिलो। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर चट्टी पैकौली मोड़ पर स्थित छह दुकानों का बुधवार की रात चोरों ने ताला चटका दिया। इस दौरान चोरों ने दुकानों में रखे नकदी के साथ ही काफी मात्रा में सामानों पर हाथ साफ कर दिया। एक जनसेवा केंद्र से चोर दो लैपटॉप व इन्वर्टर भी उठा ले गए है।
रानीपुर गांव निवासी चंद्रिका प्रसाद पुत्र बलई राम मोहब्बतपुर चट्टी पर जनसेवा केंद्र संचालित करता है। बुधवार की शाम वह दुकान बंद कर घर चला गया। रात में चोरों ने ताला चटका कर दुकान में रखे दो लैपटॉप, इन्वर्टर, 10 हजार रुपये नकदी पार कर दिया। इसके अलावा चोरों ने सिधारी थाना क्षेत्र के ओदरा मठिया गांव निवासी त्रिभुवन मौर्या पुत्र शिवधारी के किराना व जनरल स्टोर का ताला तोड़ा। मुबारकपुर के रधुनाथपुर निवासी आशोक कुुमार पुत्र श्यामराज के किराना की दुकान का भी चोरों ने एक ताला तोड़ा लेकिन दूसरा नहीं तोड़ सके। इसके साथ ही चोरों ने पैकौली निवासी विजय बहादुर के साइकिल की दुकान व छह माह से बंद वित्तू स्टूडियो का भी चोरों ने ताला चटकाया। मुर्गा विक्रेता इमरान अहमद अपने दुकान के बाहर जालीदार आलमारी में मुर्गा रखा हुआ था, जहां से 45 किलो मुर्गा भी चोर उठा ले गए। सभी पीड़ित दुकानदारों ने घटना के बाबत मुबारकपुर थाने में तहरीर दिया है।